उत्तराखंड : बारिश से गंगोत्री हाईवे पर भूस्खलन, मध्य प्रदेश के चार तीर्थ यात्रियों की मौत

भारी बारिश के कारण उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भूस्खलन हुआ, जिसमें भटवाड़ी क्षेत्र के गंगनानी में तीन वाहन दब गए। इस हादसे में मध्य प्रदेश से आए चार श्रद्धालुओं का निधन हो गया।

Jul 11, 2023 - 12:58
 0  15

भटवाड़ी के उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने बताया कि सोमवार रात गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी पुल के पास पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मिट्टी धसकने और बोल्डर गिरने से तीन यात्री वाहन मलबे के नीचे दब गए। चौहान के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर स्थानीय लोग और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के मजदूर भी राहत कार्य में मदद कर रहे हैं।
चतर सिंह चौहान के अनुसार, घटना में मारे गए चार में से तीन श्रद्धालुओं के शव बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि एक अन्य के शव को भी बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। चारों मृतक मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। चौहान के मुताबिक, घटना में सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपजिलाधिकारी के अनुसार, लगातार बारिश होने और पहाड़ी से मलबा एवं पत्थर आने के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow